सोनिया गांधी रोड शो के बाद बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाएंगी। फिलहाल, संकट मोचन जाने और गंगा आरती में हिस्सा लेने का उनका कार्यक्रम बदले जाने के संकेत हैं। दो अगस्त को होने वाला सोनिया गांधी का रोड शो कचहरी स्थित अंबेडकर प्रतिमा से शुरू होगा और इंग्लिशिया लाइन पर पं. कमलापति त्रिपाठी प्रतिमा पर नमन करने के साथ पूरा होगा। सोनिया के निर्धारित रोड शो के अतिरिक्त हवाई अड्डे से सर्किट हाउस तक के रास्ते में 16 किमी मार्ग के दोनों किनारों पर लोग उनके स्वागत में रहेंगे।
विधायक अजय राय के निर्वाचन क्षेत्र में पड़ने वाले हवाई अड्डे पर और निकट क्षेत्र के मार्ग पर जहां उनके नेतृत्व में स्वागत के लिए भीड़ कतारबद्ध रहेगी, वहीं वहीं पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र के नेतृत्व में तरना में नगर प्रवेश से पूर्व स्वागत की योजना है। तरना से पूर्व भेल के गेट पर भी स्वागत होगा। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक पांच हज़ार मोटर साइकिल सवारों का काफिला भी चलेगा।
रोड शो नदेसर, चौकाघाट, अलईपुर, गोलगड्डा, पीलीकोठी, विश्वेश्वरगंज, मैदागिन, कबीरचौरा, लहुराबीर, मलदहिया होते इंग्लिशिया लाइन पहुंच कर पं. कमलापति त्रिपाठी प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर पूरा होगा। वहां सोनिया एकत्रित जन समूह को संबोधित भी करेंगी। इसके बाद वह बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन और अभिषेक के लिए रवाना होगी। उधर, रामनगर में पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मेश्वर शर्मा, रईस अहमद आदि ने जनसंपर्क कर रोड शो को सफल बनाने की अपील की।