बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े नौ बजे मुर्धवा से बभनी की ओर ट्रैक्टर लादकर जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। तभी ट्रेलर के पीछे आ रहा बल्कर ने भी उसमें टक्कर मार दी। तीन बड़े वाहनों के एक साथ भिड़ जाने से सड़क पर जगह ही नहीं बची। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग और मुर्धवा-बभनी मार्ग पर जबरदस्त जाम की स्थिति बनी रही। बसों व अन्य वाहनों को हाथीनाला, दुद्धी घूम कर जाना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस काफी देर तक असहाय बनकर खड़ी रही। बाद में जेसीबी मंगाकर किसी तरह बगल में जंगल से सड़क बनाई गई तब जाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर का इंजन वहां से हटाया जा सका। शाम तक ट्रेलर पर लदे ट्रैक्टरों को भी किसी तरह हटाया गया इसके बाद जाम खुल सका।