सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित नवोदय विद्यालय के छात्रों ने शुक्रवार को हंगामा कर दिया। सुबह करीब साढ़े सात बजे विद्यालय परिसर में ही धरने पर बैठ गए। कक्षा 12वीं के छात्रों ने प्रयोगात्मक परीक्षा का भी बहिष्कार कर दिया। सूचना पर एसडीएम सदर, सीओ मौके पर पहुंचे। साढ़े तीन घंटे बाद आश्वासन के छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया।
सुबह करीब साढ़े सात बजे कुछ छात्र मेस में पहुंचे और नाश्ता करने से इंकार कर दिया। इसकी जानकारी होने पर शिक्षक पहुंचे। वजह पूछा गया तो उनका कहना था कि स्कूल से अनुशासनहीनता का आरोप लगाकर जिन बच्चों को उनके घर भेजा गया है उन्हें वापस बुलाया जाए। मेन्यू के अनुसार भोजन न देने का भी आरोप लगाया।
कहा कि छात्र-छात्राओं की पिटाई करने वाले शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के खिलाफ कार्रवाई होने के बाद ही वे लोग नाश्ता करेंगे। वहां से अधिकांश बच्चे खेल परिसर में जाकर धरने पर बैठ गए। इसकी जानकारी होने पर सदर एसडीएम शादाब असलम, सीओ विवेकानंद तिवारी और कोतवाल सीपी पांडेय मौके पर पहुंचे।
छात्रों से अलग-अलग वार्ता कर उन्हें उनकी समस्याओं को सुन कर दूर कराने का आश्वासन दिया। छात्रों ने एसडीएम को लिखित शिकायतों की सूची दी। उनका कहना था कि कुछ शिक्षक वेवजह उन लोगों के साथ मारपीट करते हैं। धमकी देते हैं। एसडीएम ने छात्रों के समक्ष प्रधानाचार्य को बुलवाया।