राजनीतिक दलों के टिकट को लेकर जैसे-जैसे स्थिति साफ होती जा रही है वैसे-वैसे बगावत के सुर तेज हो रहे हैं।
सपा से ज्ञानपुर के विधायक रहे विजय मिश्र टिकट कटने के बाद बागी हो गए हैं तो बलिया में बांसडीह सीट से शिवपाल की सूची में शामिल नीरज सिंह गुड्डू भी पार्टी से इतर राह पकड़ते दिख रहे हैं।
वहीं आजमगढ़ से भाजपा के सांसद प्रत्याशी रहे रमाकांत यादव ने मनमाफिक सीटों से अपने लोगों के लिए टिकट न मिलने पर उन्हें निर्दल मैदान में उतारने के संकेत दिए हैं।
काफी पहले अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर बसपा इस मोर्चे पर प्रतिद्वंद्वियों पर भारी दिख रही है तो कांग्रेस ने सिटिंग विधायकों के अलावा अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
सपा में करीब एक माह तक चले घमासान के थमने के बाद प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट घोषित कर दी गई है। इसी के साथ पार्टी में बगावत के सुर सुनाई देने लगे हैं।
भदोही की ज्ञानपुर सीट से लगातार तीन बार जीते सपा विधायक विजय मिश्र टिकट कटने के बाद बागी हो गए हैं। सोमवार को उन्होंने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
कौलापुर स्थित आवास पर समर्थकों से उन्होंने कहा कि अखिलेश और रामगोपाल मेरी हत्या करवा सकते हैं। सोनभद्र के घोरावल सीट से अखिलेश गुट से विधायक रमेश चंद्र दूबे को ही टिकट दिया गया है।
इससे शिवपाल गुट द्वारा प्रत्याशी घोषित जय प्रकाश पांडेय के समर्थक निराश तो है पर उनके सुर तीखे हैं।