आईआईटी बीएचयू के वार्षिक तकनीकी समारोह ‘टेक्नेक्स’ में पहली बार सौर ऊर्जा से उड़ने वाला विमान परवाज भरेगा। चार मार्च से शुरू हो रहे ‘टेक्नेक्स’ के तहत आयोजित होने वाले एयर शो के लिए आईआईटी बीएचयू के एयरो मॉडलिंग क्लब ने खास तैयारी की है। बैट्री और सर्वो मोटर से तैयार यह आरसी प्लेन इस एयर शो का में आकर्षण का केंद्र होगा।
आईआईटी बीएचयू के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के पूर्व प्रोफेसर और संकट मोचन फाउंडेशन के महंत रहे स्व. प्रो. वीरभद्र मिश्र की याद में यह तीसरा एयर-शो होगा। नव दृष्टि विभूति फाउंडेशन एंड विलेज हेल्थ मिशन और आईआईटी के एयरो मॉडलिंग क्लब की ओर से यह एयर शो छह मार्च को आईआईटी जिमखाना में आयोजित किया जाएगा। सुबह दस बजे इसका उद्घाटन होगा।
हर साल की तहत इस बार भी आईआईटियंस आरसी प्लेन के अलावा बहुत कुछ खास लेकर आ रहे हैं। जैसे कि सिंगल मोटर होवरक्राफ्ट। कार की तरह दिखने वाला यह प्लेन जमीन से एक सेंटीमीटर की ऊंचाई तक उड़ता है। अभी तक इसे बनाने के लिए दो मोटर का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन आईआईटी के छात्रों ने सिंगल मोटर होवरक्राफ्ट तैयार किया है। इसमें केवल एक मोटर का इस्तेमाल किया गया है।
माइनिंग इंजीनियरिंग विभाग के छात्र रवि प्रकाश ने बताया कि एयर शो में स्मोक एमिटर प्लेन (धुआं निकालने वाले प्लेन) के जरिए छात्र-छात्राओं ने आसमान में करतब दिखाने की तैयारी की है। यह काफी रोमांचक और आकर्षक होगा। इसके अलावा एयर शो में मल्टी रोटर्स, आरसी हेलीकॉप्टर, आरसी प्लेन, जेट प्लेन, क्वाडकॉप्टर, वॉटर रॉकेट कार और वाटर रॉकेट विथ पैराशूट का प्रदर्शन भी दर्शकों का काफी पसंद आएगा। संस्थान के यश खंडेलवाल, निखिल अग्रवाल और रवि कुमार सहित तमाम विद्यार्थी एयर शो में अपनी प्रतिभा और कौशल दिखाने की तैयारी में जुटे हुए हैं।