चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर मंडल के स्थानीय रेलवे जंक्शन के टीटीई रेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार को एक रेलकर्मी के बेड पर लगी मच्छरदानी के ऊपर सांप रेंगता दिखाई दिया। इससे वहां हड़कंप की स्थिति हो गई। टीटीई ने ट्वीट कर इसकी जानकारी रेलमंत्री के साथ ही डीआरएम को भी दी। इसके बाद मामले में डीआरएम ने सीनियर डीसीएम को जांच करने का निर्देश दिया है।
पीडीडीयू मंडल का टीटीई रेस्ट हाउस पीडीडीयू स्टेशन के पास में ही स्थित है। ट्रेन लेकर आने के बाद धनबाद के टीटीई विक्रम कुमार रेस्ट हाउस में आराम कर रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह उनकी नींद खुली तो देखा कि मच्छरदानी के ऊपर सांप है। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों को आवाज दी। वहीं सांप को देखकर अफरा तफरी मच गई। आसपास अन्य सांप होने की आशंका में लोग भयभीत भी हो गए। मामले की जानकारी टीटीई ने ट्वीट कर रेलमंत्री पीयूष गोयल से लेकर जीएम व डीआरएम तक को दी। डीआरएम राजेश पांडेय ने इस मामले में सीनियर डीसीएम रुपेश कुमार को जांच किये जाने के आदेश दिये है।