फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रेन से कटकर शोध सहायक की मौत

Mon, 16 Mar 2015 01:46 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
मंडुवाडीह स्टेशन एवं तीन नंबर रेलवे क्रासिंग के बीच ट्रेन की चपेट में आकर काशी विद्यापीठ के एक शोध सहायक की मौत हो गई। घटना शनिवार आधी रात की है। वह ट्रैक पर जख्मी अवस्था में पड़े थे। उनको पटरी पर देख कर दूसरी ट्रेन के चालक और यात्रियों ने कंट्रोल को सूचना दी। सूचना पर आरपीएफ एवं जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
विज्ञापन


शनिवार की रात करीब एक बजे मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन से गोरखपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन से छूट कर करीब दो सौ मीटर आगे बढ़ी ही थी कि ट्रेन की लाइट में चालक ने बीच पटरी पर पडे़ युवक को देखा। उसने गाड़ी रोक दी। उसने तुरंत कंट्रोल को इसकी सूचना दी। तमाम यात्री ट्रेन से उतरकर वहां आ गए। थोड़ी ही देर में जीआरपी, आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए।

युवक का बायां कंधा कटकर अलग हो गया था और बांया पैर भी कुचल गया था। खून अधिक बह जाने के कारण वह होश में नहीं थे। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें एंबुलेंस से शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पटरी पर ही एक मोबाइल बरामद किया गया था। उसमें फीड नंबरों पर बात करने पर युवक की पहचान शेष नारायण मिश्र (35) के रूप में हुई।
विज्ञापन


पुलिस ने उनके परिवार वालों को सूचना दी। शेष नारायण महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के संस्कृत विभाग में शोध सहायक के पद पर कार्य करते थे। विभागाध्यक्ष प्रो. उमा रानी त्रिपाठी ने बताया कि वह मूल रूप से चित्रकूट जिले के मऊ के निवासी थे। वह बेहद मिलनसार स्वभाव के थे। उनकी एक साल पहले ही शादी हुई थी और अकेले ही नगर निगम के पीछे किराए पर कमरा लेकर रहते थे।

हादसे की सूचना मिलने पर उनके माता-पिता और रिश्तेदार बनारस पहुंचे और हरिश्चंद्र घाट पर शेष नारायण का अंतिम संस्कार किया गया। जीआरपी के चौकी इंचार्ज चित्रकूट का कहना है कि स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा कैसे हुआ लेकिन ऐसा लगता है कि वह या तो पटरी के सहारे स्टेशन जा रहे थे या किसी ट्रेन से गिर गए थे। जिस वक्त हादसा हुआ उस समय पवन एक्सप्रेस, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें गुजरती हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें