बिहार के छपरा स्टेशन पर मंगलवार को खड़ी डाउन बलिया-सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन में एक तस्कर के पास से 50 नर कंकाल बरामद होने के मामले यूपी के बलिया जिले से जुड़ गया है। जीआरपी छपरा ने बुधवार को हल्दी थाना क्षेत्र के बादिलपुर गांव के अमर डोम को उठा लिया। सूत्रों की मानें तो उसने बताया है कि एक नरमुंड व एक ढांचे के लिए आठ हजार रुपये मिलते थे।
बुधवार की सुबह आठ बजे छपरा राजकीय रेलवे पुलिस की टीम उपाधीक्षक मो. तनवीर के नेतृत्व में हल्दी थाने पहुंची। स्थानीय पुलिस व बलिया राजकीय रेलवे पुलिस का सहयोग लेकर थाना क्षेत्र के बादिलपुर गांव में छापा मारा। वहां अमर डोम पुत्र छोटक डोम को लेकर जीआरपी बिहार रवाना हो गई।
अमर डोम गंगा घाट पर मुखाग्नि देने का काम करता है। तीन भाइयों में सबसे छोटे अमर की तीन बेटियां है, जिसमें एक की शादी हो चुकी है। अमर की ससुराल छपरा में है। अमर डोम के परिजन उसके बारे में जानकारी लेने हल्दी थाने पहुंचे, लेकिन उन्हें कुछ पता नहीं चल सका। हल्दी थाना प्रभारी सरफराज खान ने बताया कि जीआरपी छपरा की टीम आई थी और क्षेत्र के बादिलपुर से एक व्यक्ति को उठाया है। मामले की कुछ जानकारी नहीं है।