पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने रविवार को बिना छुट्टी के अनुपस्थित रहने वाले छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इसमें एक उप निरीक्षक, फालोवर समेत छह पुलिसकर्मी हैं। एसपी ने कार्रवाई करते हुए सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी से निष्ठा पूर्वक ड्यूटी करने और जनता से सद्व्यवहार से पेश आने की हिदायत दिया।
कहा कि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एक उप निरीक्षक, एक मुख्य आरक्षी और दो आरक्षी अवकाश पर जाने के बाद अपने निर्धारित समय से ड्यूटी पर नहीं लौटे। कई दिनों से अनुपस्थित रहने पर एसपी ने मड़िहान थाने में तैनात उप निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह, शहर कोतवाली में तैनात मुख्य आरक्षी शैलेंद्र सिंह यादव, कछवां थाने पर तैनात आरक्षी प्रवेश कुमार यादव और पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी तौहीद खां को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इसके अलावा बिना छुट्टी लिए कई दिनों से अनुपस्थित रहने पर एसपी ने पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी रमेश सिंह यादव और फालोवर नीरज दूबे को निलंबित कर दिया। कुछ दिन पूर्व भी एसपी ने दर्शनार्थियों और जनता से दुर्व्यवहार करने पर दो उप निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की थी। एसपी के इस कार्रवाई से लापरवाह पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा है।