50-50 हजारी भी काट रहे फरारी
सैम्स के निदेशक आरके सिंह की हत्या और अभिनेत्री मनीषा कोइराला के सचिव की हत्या करके सुर्खियों में आए जंसा निवासी मनीष सिंह पर कैंट पुलिस ने 50 हजार का इनाम रखा है। मई 2010 से पुलिस ने मनीष सिंह का चेहरा तक नहीं देखा। एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि वह मुंबई में रियल इस्टेट का व्यापार कर रहा है। बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद मनीष सिंह कुछ दिन के लिए बनारस आया था।
कोतवाली के कपिलेश्वर गली निवासी विश्वास नेपाली पर चौबेपुर थाने में 50 हजार का इनाम घोषित है। 2009 के बाद से विश्वास नेपाली के बारे में पुलिस को कोई लोकेशन नहीं है। बताया जाता है कि विश्वास नेपाली का नेपाल में ट्रेवेल्स का कारोबार है। वह पूर्वांचल के अपराधियों को नेपाल में शरण देता है। 2012 में शिवपुर स्थित मार्बल कारोबारी सुशील सिंह की हत्या कर सनसनी फैलाने वाले 50 हजार का इनामी चौबेपुर निवासी अजीम उर्फ डाक्टर के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। अगस्त 2013 में चंदौली पेशी से लौटते समय चौकाघाट पुल पर वाहन से कूदकर फरार चोलापुर निवासी सुनील यादव पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया है। हालांकि चर्चा है कि सुनील की हत्या कर दी गई है।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि अपराध में लिप्त अपराधियों की कुंडली खंगाली जा रही है। इसके साथ ही इनके करीबियों से भी पूछताछ करते हुए अन्य जानकारियां हासिल की जा रही हैं।