ट्रेनों से सोने की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। बांग्लादेश से तस्कर सोने-चांदी या अन्य सामान गलत तरीके से लेकर समुद्री रास्ते से हावड़ा पहुंचते हैं। वहां से तस्करी कर सोना देश के कोने-कोने में पहुंचाया जा रहा है।
यूपी के चंदौली में कस्टम विभाग की टीम ने शुक्रवार की सुबह पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन पर हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस ट्रेन से सात किलो सोना के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। तस्कर सोना हावड़ा से कानपुर आपूर्ति करने जा रहा था।
टीम तस्कर और सोने को अपने साथ वाराणसी ले गई और आगे की कार्रवाई में जुटी है। वहीं स्टेशन पर हुई इस पूरी कार्रवाई में जीआरपी और आरपीएफ को भनक तक नहीं लगी।
कस्टम विभाग को गोपनीय सूचना मिली कि हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस से सोने की तस्करी की जा रही है। इस सूचना के बाद कस्टम विभाग की टीम रेलवे स्टेशन पर पहुंची और ट्रेन के आने का इंतजार करने लगी।
सुबह साढ़े नौ बजे अप 12307 जोधपुर एक्सप्रेस स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या सात पर पहुंची। ट्रेन के रुकते ही एसी कोच में पहुंच कर टीम ने तलाशी शुरू कर दी। एक यात्री के बैग से सोने की सात ईंट बरामद हुई।