बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव की युवती की शादी रविवार को हो रही है लेकिन उसे डोली में बैठाने के लिए उसका भाई नहीं होगा। दस नवंबर को शादी का कार्ड बांटने गए युवती के भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसको लेकर परिवार के लोगों में दुख है। बहन की शादी भले ही होगी लेकिन परिवार के सदस्यों में खुशियां नहीं होंगी।
गौरी गॉव की रहने वाली इस करिश्मा की रविवार को शादी हो रही है। बारात सेंटरवा बाजार से आई है। इस मौके पर युवती भाई की मौत के गम में दुखी हैै। उसके भाई 35 वर्षीय प्रमोद की 10 नवंबर को उस समय हादसे में मौत हो गई, जब वह बहन की शादी का कार्ड बांटकर वापस लौट रहा था। 10 नवंबर को प्रमोद गांव के ही एक व्यक्ति के साथ बाइक से रिश्तेदारी में कार्ड बांटने गया था। कार्ड बांट कर वह वापस लौट रहा था कि थानौली गांव के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। इस हादसे में प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि साथ मौजूद बलिराम (55) घायल हो गए थे।