खेल निदेशालय के आदेश के बाद एक अक्तूबर से सिगरा के डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम और लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल को खिलाडि़यों के अभ्यास के लिए खोल दिया जाएगा। अभी केवल विभागीय खेल प्रशिक्षकों द्वारा हॉकी, फुटबाल और तैराकी खेलों के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। साथ ही गाजीपुर में कुश्ती, जौनपुर में हॉकी और चंदौली में वॉलीबाल के प्रशिक्षण के लिए भी स्टेडियम खुलेंगे।
मंडलीय क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि बुधवार को खेल निदेशालय के आदेश के बाद कोविड 19 के मानकों को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम खोलने का आदेश हुआ है। एक अक्तूबर से केवल विभागीय प्रशिक्षकों द्वारा खिलाडि़यों को हॉकी, फुटबाल और तैराकी के लिए फिजिकल फिटनेस का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी के साथ 18 वर्ष तक के खिलाडि़यों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी एक अक्तूबर से ही शुरू होगी। इसके लिए खिलाडि़यों को सिगरा स्टेडियम के पूर्वी प्रवेश द्वार से पंजीकरण फार्म सुबह छह से नौ बजे तक और दोपहर तीन से शाम छह बजे तक फुटबाल और तैराकी के लिए विभागीय प्रशिक्षकों द्वारा वितरित किया जाएगा। जबकि हॉकी के खिलाडि़यों को लालपुर से पंजीकरण फार्म प्राप्त करना होगा।