वेतन निर्धारण सहित 11 सूत्रीय मांगों के पूरा न होने के विरोध में माध्यमिक शिक्षक एक अक्टूबर को संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर 24 घंटे के उपवास पर बैठेंगे और दो अक्टूबर को उपवास समाप्त होने के बाद मांगों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष संत सेवक सिंह और मंडल मंत्री शिवमूरत यादव ने बताया कि प्रदेश संगठन की ओर से वित्तविहीन शिक्षकों- कर्मचारियों को कोरोना महामारी काल में आर्थिक सहायता देने, वेतन निर्धारण सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर चार सितंबर को जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जा चुका है। अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई ऐसे में आंदोलन के दूसरे चरण में वित्तविहीन शिक्षकों की मांगों को लेकर मंडल के सभी जिलों से पांच-पांच शिक्षक एक अक्टूबर को दोपहर में एक बजे संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी कार्यालय पर 24 घंटे के उपवास पर बैठेंगे। बताया कि दो अक्टूबर को दोपहर में एक बजे उपवास पूरा होने के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन मंडलायुक्त को सौंपा जाएगा। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।