वाराणसी। भारत सरकार ने महीने भर पहले प्ले स्टोर से कई चाइनीज एप भारत में बैन कर दिए थे। युवाओं के बीच बेहद चर्चित एप्लीकेशन टिक टॉक भी था। टिकटॉक बैन होने के बाद काशी की भाई-बहन की जोड़ी ने एक ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसकी तारीफ खूब हो रही है।
मथुरा से इंजीनियरिंग तृतीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे 20 वर्षीय प्रखर सिंह व नोएडा से एमबीए कर रही उनकी 23 वर्षीय बहन स्वर्णिमा ने चाइनीज टिकटॉक के जैसा ही एक एप बना डाला है, जिसका नाम है रिवाइंड मीडिया एप। प्रखर और स्वर्णिमा के साथ एप को बनाने में जौनपुर के रजनीश और झांसी की अशीता और वैष्णवी ने भी मुख्य भूमिका निभाई है। प्रखर व उनकी टीम ने जुलाई में इस एप पर काम करना शुरू किया था और एप का बीटा वर्जन 24 अगस्त को प्लेस्टोर पर लांच किया गया। एप का फाइनल वर्जन 25 सितंबर को लांच किया गया है, जिसे अब तक 2500 से ज्यादा लोगों ने डाउनलोड कर लिया है। हरहुआ क्षेत्र में रहने वाले मनीष व वंदना सिंह के बेटे प्रखर का अपना खुद का स्टार्टअप है, जिसमें वह अपनी टीम के साथ मिलकर एप्लीकेशन और वेबसाइट बनाते हैं। इस एप के पहले भी प्रखर दो एप और बना चुके है, जो काफी लोकप्रिय है।
कोरोना काल में आपदा को अवसर में बदलते हुए इन युवाओं ने प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के उद्देश्य से एप बनाना शुरू किया था। यह एप चीन के टिकटॉक से काफी बेहतर है और फीचर्स के मुकाबले में यह बड़े-बड़े एप्लीकेशंस को टक्कर दे रहा है। प्रखर ने बताया कि टिकटॉक की तुलना में इस एप में वीडियो के साथ मीम्स भी बनाए जा सकते है। एप पर अपलोड होने वाले वीडियो की बकायदे मॉनिटरिंग भी की जाती है। प्रखर व स्वर्णिमा अब इस एप्लीकेशन में और नए फीचर जोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। प्रखर बताते हैं कि उनके पिता ने हमेशा ही उनके एप डेवलपमेंट की रुचि को सपोर्ट किया है। प्रखर भविष्य में एप डेवलपर में करियर बनाना चाहते हैं और उनके घरवाले भी उनके इस निर्णय को खूब प्रोत्साहित कर रहे हैं।