चांदपुर चौराहा पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मंडुवाडीह थाना के सिपाही अजय कुमार (25) की उपचार के दौरान रविवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद सिपाही के शव को पुलिस लाइन ले जाया गया।
जहां अंतिम सलामी देने के बाद आईजी जोन डॉ. एन रविंदर, डीआईजी रेंज विजय भूषण और एसएसपी नितिन तिवारी ने अजय की अर्थी को कंधा दिया। दो साल पूर्व सिपाही के तौर पर भर्ती हुए अजय की असामयिक मौत से पूरा पुलिस महकमा गमगीन दिखा।
लहरतारा पुलिस चौकी पर तैनात अजय कुमार आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर के रहने वाले थे। उधर, अजय की मौत के बाद उनके पिता झारखंडी और मां मनभावती का रो-रोकर बुरा हाल था।
एसएसपी ने अजय के पिता को आश्वस्त किया कि दुख की इस घड़ी में पूरा महकमा उनके साथ है। शनिवार की सुबह चांदपुर चौराहा पर मालवाहक जीप की टक्कर से बाइक सवार अजय गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसके बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था।