मिर्जापुर जिले के छोटे से कस्बे अहरौरा में पली-बढ़ी और वाराणसी में पढ़ी-लिखी श्वेता चौधरी का अगला पड़ाव अब अमेरिका का लास वेगास होगा। मिसेज इंडिया अर्थ के ग्रांड फिनाले में 48 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते विजेता बनने वाली श्वेता अगले साल जून में होने वाली मिसेज अर्थ स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
श्वेता ने यह खिताब 20 से 40 साल के आयु वर्ग में हासिल किया है। छह अक्तूबर को दिल्ली में आयोजित मिसेज इंडिया अर्थ के प्रतियोगिता के 10 राउंड हुए थे। इस प्रतियोगिता के फाइनल के लिए उन्हें अगस्त में चुना गया था।
श्वेता तमिल और कन्नड़ फिल्मों में काम करने के अलावा निजी क्षेत्र में नौकरी भी कर चुकी हैं। मुंबई में रह रही श्वेता का 2007 में विवाह हुआ था। उनके दो बच्चे हैं।
उन्हें अपने क्षेत्र में सेलेब्रिटी के तौर पर जाना जाता है। उनके फाइनल में पहुंचने के बाद से उनके प्रशंसक उनके विजेता बनने के लिए दुआएं कर रहे थे। वहीं श्वेता इस मुकाबले को जीतने के लिए ऋतिका रामत्रि से प्रशिक्षण ले रही थीं।
उनका कहना है कि उनकी ट्रेनिंग बहुत काम आई। क्वेश्चन राउंड में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में फिल्म स्टार महिमा चौधरी, न्यूट्रीशियन और फिटनेस एक्सपर्ट विनय कात्याल, सिंगर और कंपोजर समीर, स्किन एक्सपर्ट डॉ. दीप्ति ढिल्लन के अलावा इस क्षेत्र के जानकार ऋतिका विनय, विनय यादव और शालिनी भी शामिल थीं।
श्वेता ने मिसेज इंडिया अर्थ का सफर अपनी मेहनत के साथ-साथ अपनी मां सुमन श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और व्यवसायी पति अमित चौधरी की प्रेरणा से पाया है।
श्वेता ने पिता अशोक श्रीवास्तव की असामयिक मौत होने पर खुद को संभाला और अपने हौसले से मंजिल हासिल की। मिसेज इंडिया अर्थ से पहले 2016 में उन्होंने मिसेज परफेक्ट, मिसेज ब्यूटीफुल आई, मिसेज ब्यूटीफुल लिप्स जैसी कई प्रतियोगिताएं जीती थीं।