Varanasi News: दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में हाल ही में हुए फायर ऑडिट में कमियां भी मिली थी। इसके लिए रोगी कल्याण समिति और अन्य मद से कमियों को दूर करवाने की बात कही गई। अगर समय से कमियां दूर हो गई होती तो शायद इस तरह की घटना नहीं होती।
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में शुक्रवार को ब्लड बैंक के स्टोर रूम में शार्ट सर्किट से आग लगी थी। इसके बाद दूसरे दिन एआरटी सेंटर के नीचे भूतल ओपीडी हाॅल के इलेक्ट्रिक पैनल में भी शार्ट सर्किट से आग लग गई। इस वजह से आसपास की तीन ओपीडी में अंधेरा छा गया।
विज्ञापन
डॉक्टरों ने मरीजों को अंधेरे में ही देखा। करीब आधे घंटे बाद जब पैनल की मरम्मत हुई तब जाकर आपूर्ति बहाल हुई। कुछ दिन पहले ही फायर ऑडिट में कमियां मिली थी, जिसको दूर नहीं कराया जा सका।
जिला अस्पताल की ओपीडी में हर दिन की तरह मरीज डॉक्टर को दिखाने के लिए खड़े थे। दोपहर करीब 12 बजे भूतल पर इलेक्ट्रिक पैनल में शार्ट सर्किट लग गई। पैनल से जिन जगहों पर विद्युत आपूर्ति होती है, वहां की बिजली कटवा दी गई।
विज्ञापन
इसके बाद कर्मचारी मरम्मत में जुट गए। इस कारण करीब आधे घंटे तक ओपीडी में अंधेरा छाया रहा। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेमप्रकाश का कहना है कि पैनल में शार्ट सर्किट होने से कोई नुकसान नहीं हुआ। बस आधे घंटे तक कुछ ओपीडी में आपूर्ति बाधित रही, बाद में बहाल हो गई।