गाजीपुर और सारनाथ की तरफ से शहर आने वालों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें राजघाट और मैदागिन पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। न जाम में फंसना पड़ेगा और न सड़क पर हिचकोले खाने होंगे। कट स्टोन के खड़ंजे से बनी आशापुर-कज्जाकपुरा के बीच की ऊबड़-खाबड़ सड़क अब सीसी रोड में तब्दील हो जाएगी और चौड़ाई दो गुना कर दी जाएगी।
सोमवार को मंडलायुक्त सभागार में हुई विकास प्राधिकरण व आवास विकास की अवस्थापना निधि की बैठक में मंडलायुक्त आरएम श्रीवास्तव ने जून काम पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में सड़क, डिवाइडर, इंटरलाकिंग आदि विकास कार्यों के लिए 13 करोड़ 3 लाख 58 हजार रुपये की योजनाओं को मंजूरी मिली।
गाजीपुर और सारनाथ की ओर से शहर आने वाले ज्यादातर वाहन वरुणा के पुराना पुल, सरैंया होते हुए कज्जाकपुरा में जीटी रोड पर निकलते हैं। गाजीपुर, मऊ, बलिया से आने वाली सैकड़ों बसें और अन्य वाहन रोजाना इस सड़क से आते हैं। मैदागिन और राजघाट की ओर से हजारों सैलानी इसी रास्ते सारनाथ पहुंचते हैं।
जलभराव के कारण इस सड़क पर कई जगह कट स्टोन लगाए गए हैं और अतिक्रमण भी हो चुका है। सड़क के सात मीटर ही चौड़ी होने के कारण अक्सर इस मार्ग पर जाम लगता है। मंडलायुक्त ने करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क को 14 मीटर चौड़ी करने और उसे सीसी रोड में बदलने के लिए 6.25 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
साथ ही 50 हजार रुपये खर्च करके सड़क से बिजली के पोल हटाए जाएंगे। इसके अलावा मकबूल आलम रोड से पांडेयपुर जाने वाले खजुरी मार्ग 53.81 लाख खर्च करके गड्डा मुक्त बनाया जाएगा। पांडेयपुर एसबीआई कालोनी की सड़क 18.10 लाख और पांडेयपुर काली मंदिर से भक्ति नगर होते हुए आजमगढ़ रोड मार्ग 96.22 लाख रुपये में बनाए जाएंगे। नरिया से बीएचयू के बीच की पुलिया 42.32 लाख खर्च कर चौड़ी की जाएगी। बैठक में डीएम प्रांजल यादव, वीडीए उपाध्यक्ष सर्वज्ञ राम मिश्र, सचिव एमपी सिंह, एक्सईएन गोपाल कृष्ण, अभियंता बीएन सिंह आदि मौजूद रहे।