कोरोना संक्रमण की उठी दूसरी लहर में हर ओर हाहाकार मचा है। वहीं इसी में लोग शादी-विवाह और मांगलिक कार्यक्रमों को भी निपटा रहे हैं। अब दिन में ही शहनाई की गूंज सुनाई दे रही है और दो गज की दूरी पर जयमाल की रस्म के साथ सात फेरे लेकर वर-वधु होटल और मैरेज लॉन से विदा ले रहे हैं।
वाराणसी में वैवाहिक लग्न शुरू तो हो चुका है, लेकिन शादी-विवाह का जो उल्लास और उमंग रहता था वह इस वैवाहिक लग्न में नहीं दिख रहा है। अप्रैल माह में शहर के अधिकतर मैरेज लान और बैंक्वेट हाल की दिन में बुकिंग है, लेकिन रात में सब खाली हैं। रात्रि कर्फ्यू के दिन में शादी ब्याह की रस्म पूरी करा रहे हैं। कोविड प्रोटोकाल के तहत 50 से 100 लोगों की उपस्थिति में शादी विवाह संपन्न करा ले रहे हैं। अब रात का झंझट ही खत्म हो गया है। इसलिए न रोड लाइट, न बैंड बाजा और न ही आतिशबाजी की जरूरत पड़ रही है।