प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आपातकाल दिवस 25 जून को बगैर किसी राजनीतिक दल के मंच पर विशाल जन अधिकार रैली होगी। बेनियाबाग मैदान में आयोजित इस रैली में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशवंत सिन्हा, भाजपा सांसद शत्रुघन सिन्हा, समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर, राज्यसभा सांसद संजय सिंह संबोधित करेंगे।
इस रैली के लिए विपक्षी दलों की शनिवार को पूर्व एमएलसी अरविंद सिंह के आवास पर बैठक कर साझा रणनीति तैयार की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल लोगों की आवाज बंद करने के लिए किया जा रहा है।
ऐसी हालात में 25 जून को बेनियाबाग में आयोजित सभा को सफल बनाना बेहद जरूरी है, जिससे भाजपा सरकार के विरोध में आगे की लड़ाई लड़ी जा सकी। बैठक में आप के पूर्वांचल प्रांत अध्यक्ष संजीव सिंह ने जनसभा की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कहा कि दूसरे दिन 26 को सुबह सात बजे भारत माता मंदिर से जन अधिकार पदयात्रा निकाली जाएगी। जो पांडेयपुर, चोलापुकर, चंदवक, आजमगढ़, घोसी, नगरा होते हुए 225 किमी की दूरी तय कर आठ जुलाई को बलिया पहुंचकर समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र व राज्य में मोदी-योगी की सरकार आई तब से देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति बनी है।
इस जनसभा मे प्रमुख रूप से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर, आप के सांसद संजय सिंह, आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष आदि के शामिल रहेंगे।