श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण पर मास पर्यंत चलने वाले कार्यक्रमों के तहत जनवरी में एक अनूठा आयोजन होने जा रहा है। बाबा के दरबार में नए साल में 1001 शंखनाद कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। धाम से विश्व भर में शंखनाद की गूंज सुनाई देगी। इसका जिसका जिम्मा प्रयागराज स्थित उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी) को मिला है।
एनसीजेडसीसी ने विज्ञापन देकर शंख वादकों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 28 दिसंबर है। विज्ञापन के मुताबिक, शंखनाद में शामिल होने वाले वादकों को एक-एक हजार रुपये मानदेय और प्रमाणपत्र दिया जाएगा। स्थानीय वादकों को वरीयता दी जाएगी। इच्छुक व्यक्ति एनसीजेडसीसी की वेबसाइट www.nczcc.in पर आवेदन कर सकते हैं। इस पर अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी लिखना होगा। शंखनाद के लिए अभी कोई तारीख तो तय नहीं हुई है लेकिन माना जा रहा है कि एक जनवरी या मकर संक्रांति पर यह आयोजन हो सकता है। आयोजन की तिथि दो-तीन दिनों में तय होने की संभावना है। यदि आवेदन 1001 से ज्यादा हो गए तो एनसीजेडसीसी की कमेटी शंखवादन की गुणवत्ता के आधार पर वरीयता देते हुए तय करेगी कि किन 1001 लोगों को शामिल किया जाए।