वाराणसी। जुलाई तक शहीद उद्यान पार्क तैयार हो जाएगा। इस दिशा में निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है। इसकी मरम्मत पर 8.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस परियोजना में बच्चों के लिए आधुनिक झूले और आकर्षक फव्वारे शामिल किए गए हैं। सुबह की सैर के लिए विशेष पाथवे का निर्माण किया जा रहा है। पूरे पार्क में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और बैठने की उत्तम सुविधा भी विकसित की जा रही है। यह पार्क सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण मनोरंजन स्थल बनेगा।
इस परियोजना के तहत 1.5 करोड़ रुपये की लागत से एक डिजिटल लाइब्रेरी भी बनाई जा रही है। यह लाइब्रेरी छात्रों और ज्ञान प्रेमियों के लिए एक शांत और आधुनिक वातावरण प्रदान करेगी। इसमें नवीनतम तकनीक से लैस सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह शहर में शिक्षा और ज्ञान को बढ़ावा देने में सहायक होगी। पूरे परिसर में आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। बैठने के लिए उत्तम व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। यह परियोजना वाराणसी के शहरी बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने में मदद करेगी। इससे स्थानीय निवासियों को गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक स्थान मिलेंगे।
मेयर अशोक कुमार तिवारी की ओर से कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि सौंदर्यीकरण का कार्य तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। इसका उद्देश्य शहरवासियों को जल्द ही एक आधुनिक और सुंदर पार्क उपलब्ध कराना है। नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित इस पार्क में आसपास के पांच किमी दायरे के लोग आते हैं। सुबह-शाम यहां टहलने वाले और बच्चे झूला झूलने के लिए पहुंचते हैं। उनकी सहूलियत को ध्यान में रखकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।