शहर के आदमपुर थाना अंतर्गत एक मुहल्ले में स्थित जनरल स्टोर में सोमवार की रात सात वर्षीय मासूम अपने घर के समीप स्थित जनरल स्टोर में कुरकुरे खरीदने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान शिवपुर क्षेत्र के कांशीराम आवास निवासी दुकानदार मोहम्मद इम्तियाज ने मासूम को भीतर बुला कर शटर नीचे गिरा दिया और दुष्कर्म का प्रयास किया।
मासूम ने शोर मचाया तो थोड़ी देर बाद उसे मोहम्मद इम्तियाज ने बाहर धकेल दिया और दुकान बंद कर भाग निकला। मासूम अपने घर पहुंची और आपबीती परिजनों को सुनाई तो सभी उसे लेकर आदमपुर थाने पहुंचे। घटना से गुस्साए पीड़िता के परिजन और स्थानीय लोग आरोपी की दुकान को घेर लिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया।
मुहल्ले के लोगों का कहना था कि आरोपी इस तरह की हरकतें पहले भी करता चला आया है और इस वजह से उसे कई बार लोगों ने मारापीटा भी है। इस संबंध में इंस्पेक्टर आदमपुर ने बताया कि बच्ची को मेडिकल मुआयने के लिए भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका पता लगाया जा रहा है।