वाराणसी। हनुमान फाटक गोला स्थित प्राचीन श्री संकट हरणी भद्रकाली माता मंदिर में वार्षिक हरियाली शृंगार का आयोजन किया गया। मां काली पूजा सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जगतजननी जगदंबा के विग्रह का विधिवत पंचोपचार पूजन किया गया। मिट्टी के पात्र में विभिन्न प्रकार के नैवेद्य और राग-भोग अर्पित किए गए।
शुक्रवार को पूरे मंदिर प्रांगण को पत्तियों, रंगीन झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सात अर्चकों ने गंगा आरती की तर्ज पर धूप, दीप, लोहबान, कपूर, पुष्प, जल व चंवर आदि से भव्य आरती उतारी। श्रद्धालुओं ने माता का स्तुतिगान कर आरोग्य सुख की कामना की। देर रात तक दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा। भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मुख्य रूप से शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, रोहित जायसवाल पार्षद, मुन्ना लाल यादव, दिनेश बिंद, डबलू जायसवाल, दिलीप सेठ, प्रतीक सेठ मौजूद रहे।