हुगली की भद्रेसर नगर पालिका अध्यक्ष की 21 नवंबर को हुई थी हत्या
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले की भद्रेसर नगर पालिका अध्यक्ष व तृणमूल नेता मनोज उपाध्याय की हत्या के मामले में कोलकाता पुलिस ने यूपी एटीएस की मदद से वाराणसी में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी सोमवार की देर रात दशाश्वमेध क्षेत्र के भोलानाथ गेस्ट हाउस के पास से हुई। आरोपी बीते 21 नवंबर को हत्या के बाद से फरार थे। चार दिन पहले वे वाराणसी आए और एक गेस्ट हाउस में दर्शनार्थी बनकर रहे थे।
सर्विलांस की मदद से कोलकाता पुलिस को उनकी लोकेशन मिली थी। एटीएस की मदद से उन्हें गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार को स्पेशल सीजेएम उमाकांत जिंदल की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया। इस दौरान हुगली जिले के एडिशनल डीसीपी अतुल विश्वनाथन, एटीएस वाराणसी के प्रभारी उपेंद्र सिंह भी मौजूद थे।
प. बंगाल पुलिस ने यूपी एटीएस के आईजी असीम अरुण को हत्यारोपियों के वाराणसी में छिपे होने की सूचना दी थी। आईजी के निर्देश पर एटीएस वाराणसी की टीम ने कोलकाता पुलिस की मदद से गिरफ्तारी की। गिरफ्तार राजू चौधरी, आकाश चौधरी, दूबे पाकड़े, राजेश चौधरी, कृष्णा चौधरी, संतोष प्रसाद, रतन चौधरी समेत सातों आरोपी हुगली जिले के ही रहने वाले हैं।
स्थानीय पुलिस ने अगर गेस्ट हाउस की जांच की होती और उसमें रहने वालों का सत्यापन कराया होता तो आरोपी पहले ही पकड़ लिए जाते। एसएसपी आरके भारद्वाज ने सभी थानेदारों को गेस्ट हाउस, होटल और मकानों में किराए पर रहने वाले लोगों का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी थानेदार बेपरवाह बने हैं।