जब तक वे कुछ समझ पाते इसके पहले ही एक बदमाश ने बाइक की चाभी निकाल ली, विरोध करने पर भाई की पिटाई भी शुरू कर दी। इस बीच कुछ ग्रामीण मौके की तरफ आने लगे तो बदमाशों ने असलहा निकाल कर धमकाना शुरू कर दिया। भाई व बदमाशों के बीच छीनाझपटी के दौरान एक बदमाश का तमंचा भी भाई ने छीन लिया।
आठ की संख्या में बदमाशों के होने के चलते भाई की एक न चली और बदमाश महिला स्वास्थ्यकर्मी को जबरन स्कार्पियो में बैठा कर भाग निकले। बदमाशों के जाते ही भाई ने कप्तानगंज थाना पुलिस को सूचना दी। अपहरण की सूचना पर कप्तानगंज थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई।
आसपास के थानों को भी घटना की सूचना दे दी गई। पुलिस की सक्रियता का परिणाम रहा कि एक घंटे के अंदर ही तहबरपुर थाना पुलिस ने अपहरण करने वाली स्कार्पियो को पकड़ लिया। जिससे अपहृत महिला स्वास्थ्यकर्मी बरामद हो गई तो वहीं अपहरण करने वाले बदमाश भी पकड़े गए।
इन्हें थाने में लाकर तहबरपुर पुलिस पूछताछ की कवायद में जुटी है। अपहृत हुई महिला स्वासथ्यकर्मी विवाहित है। वह मायके में रह रही है।
एसपी ने बताया कि स्कार्पियो सवार लोगों ने महिला स्वास्थ्यकर्मी का सुबह अपहरण किया और पुलिस ने एक घंटे के अंदर ही उसे बरामद भी कर लिया। आरोपी भी पकड़े गए है। अपहरण का कारण क्या है यह पूछताछ में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। एक आरोपी का कहना है कि उसने महिला से कोर्ट मैरिज की है। वहीं महिला स्वास्थ्यकर्मी भी अभी कुछ स्पष्ट रूप से नहीं बता रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही स्पष्ट कारण पता चल सकेगा।