वाराणसी-गाजीपुर राजमार्ग पर उमरहां बाजार में मंगलवार की दोपहर पिकअप और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला और उनके पड़ोसी की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची चौबेपुर थाने की पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, हादसे के बाद पिकअप को कब्जे में लेकर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
मऊ के घोसी निवासी अनवर अली (61) सारनाथ क्षेत्र के हिरामनपुर में मकान बनवाकर फर्नीचर का व्यापार करते थे। वह अपने पड़ोस में रहने वाली आशा देवी (52) के साथ उन्हें उनके घर पहाड़पुर करंडा, गाजीपुर पहुंचाने के लिए स्कूटी से जा रहे थे। दोपहर लगभग डेढ़ बजे उमरहां बाजार पहुंचते ही विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही पिकअप ने स्कूटी में टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को चिरईगांव अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने बताया अनवर अली के चार लड़के और एक लड़की है। जबकि, आशा देवी दो लड़कों और एक लड़की की मां थी। हादसे में दोनों की मौत से उनके परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।