वाराणसी। चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर शनिवार रात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची सिगरा पुलिस ने घायलों को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार स्कूटी सवार गलत दिशा से जाते समय हादसे के शिकार हुए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
आदमपुर के कोनिया धोबी घाट निवासी अंकित वर्मा (27) और पड़ोस का रहने वाला संतोष कुमार (28) किसी काम के सिलसिले में लहरतारा की ओर आए हुए थे। रात में दोनों स्कूटी से घर जाने के लिए निकले और लहरतारा से चौकाघाट लकड़ी मंडी उतरने वाले फ्लाईओवर मार्ग पर वाहन की चपेट में आ गए। स्कूटी चला रहे अंकित की घटनास्थल पर मौत हो गई और वहीं पीछे बैठा संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची सिगरा पुलिस ने घायल संतोष को बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं अंकित के शव को कब्जे में लेकर बीएचयू के मोर्चरी में रखवाया। हादसे की सूचना पाकर परिजन भी रात में अस्पताल पहुंच गए।
-----------
ट्रक के धक्के से युवक की मौत
वाराणसी। हुकुलगंज मार्ग पर शनिवार रात ट्रक के धक्के से युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया। लालपुर-पांडेयपुर थाना अंतर्गत हुकुलगंज में रात के समय ट्रकों की लंबी लाइन लगी हुई थी और इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़े युवक को चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर ही युवक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद चालक सड़क पर ही ट्रक खड़ा कर भाग निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए ट्रक को भी जब्त कर लिया। चालक पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। ट्रक रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन स्वामी का पुलिस पता लगा रही है।