यूपी के चंदौली जिले में गुरुवार की सुबह दस बजे रेल लाइन पार कर रही एक किशोरी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। परिवार वालों के अनुसार इन दिनों वह मानसिक रूप से परेशान थी। धीना थानाक्षेत्र के पिपरी कुटिया गांव निवासी अजीत राजभर की पुत्री संजना उर्फ पूजा (15) नौवीं कक्षा की छात्रा थी।
पिता अजीत ने बताया कि घर में दो दिन पहले एक मोबाइल फोन गुम हो जाने पर घर में लोगों ने उसे डांट दिया था। वह मानसिक रूप से परेशान थी। गुरुवार की सुबह संजना स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी और न जाने कैसे ट्रेन की चपेट में आ गई।
उसके पास मिले कागजात के आधार पर पुलिस ने शिनाख्त की और हमें सूचना दी। सीओ सकलडीहा त्रिपुरारी पांडेय का कहना है कि पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घर में माता नंदनी, पिता अजीत, भाई अभिषेक का रो रो कर हाल बेहाल हो गया था।