जहानागंज थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में मंगलवार की शाम 4.30 बजे बच्चों को छोड़कर लौट रही एक मिनी बस ने घर के सामने बैठी महिला फिरती देवी (45) को कुचल दिया। मौत की सूचना पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। हादसे में एक पड़वा भी घायल हो गया, जबकि घर की दीवार और पशुओं की नाद क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी मुताबिक कादीपुर गांव निवासी बस चालक देवेंद्र कुमार खरवार उर्फ डब्ल्यू एक स्कूल की बस से बच्चों को छोड़कर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान नहर मार्ग से 10 मीटर दूर सड़क से उतरकर बस ने अपने ही मकान के चैनल के सामने बैठी महिला को कुचल दिया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस को चालक सहित घेर लिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बस को कब्जे में लिया और चालक को पकड़ लिया। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण घायल महिला को चक्रपानपुर स्थित मेडिकल कॉलेज एवं सुपर फैसिलिटी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बस चालक नशे की हालत में था।
मृतका के बड़े पुत्र अंगद यादव की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।