स्टेट बैंक की ओर से मोबाइल एटीएम वैन की दी गई सौगात
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए आम लोगों को खाते से पैसा निकालने के लिए बैंकों के या कुछ दूर मौजूद एटीएम बूथ तक भी नही जाना पड़ेगा। स्टेट बैंक की ओर से मोबाइल एटीएम वैन की सौगात दी गई है। शुक्रवार को कचहरी प्रशासनिक कार्यालय से डीजीएम विनोद कुमार सिन्हा ने मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डीजीएम ने बताया कि एटीएम वैन शहर के विभिन्न इलाकों में घूमती रहेगी, जिससे कि लोग अपने घर के नजदीक सुरक्षित तरीके से खातों से धन निकाल सकें। बताया कि कोरोना काल मेंकेवल बैंकिंग ही नही बल्कि अस्पतालों में डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों को पीपीई किट, सैनिटाइजर का वितरण कराए जाने के साथ ही जरूरतमंदों को भोजन पानी की व्यवस्था आदि का काम भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में शशांक कुमार, हर्षवर्धन सिंह, अनूप श्रीवास्तव, कृष्णेन्दु, हरी गुप्ता, आनंद सिंह, हरिशचंद सिन्हा, विक्की खन्ना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आज सुबह आठ बजे से ही घूमेगी वैन
डीजीएम ने बताया कि 8 मई को स्टेट बैंक का मोबाइल वैन सुबह 8 से 10 बजे तक स्वस्तिक गार्डेनिया, 10 से 11 आवास विकास कॉलोनी पांडेयपुर, 11 से 1 बजे तक पुलिस लाइन और 1 से 2 बजे तक सीआरपीएफ केंपस पहाड़िया पर रहेगा। इसके अलावा दोपहर 2 से 3 बजे तक एनडीआरएफ चौकाघाट और 3 से 5 बजे तक कैंट रेलवे स्टेशन पर भी उपलब्ध रहेगा। उन्होंने बताया कि मोबाइल एटीएम की सेवा लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर 7754 0 00 513 पर भी संपर्क किया जा सकता है।