काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में 22 जुलाई से श्रावण महोत्सव आरंभ होगा। मंदिर में सावन भर दर्शन-पूजन के लिए बीएचयू के छात्र-छात्राओं की अलग लाइन लगाई जाएगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले दर्शनार्थियों को परेशानी न हो। महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग कतारें रहेंगी। कार्यक्रम की तैयारियाें को शुक्रवार को पूर्ण कर लिया गया।
22 जुलाई से 19 अगस्त के बीच पड़ने वाले किसी भी रविवार और सोमवार को या अन्य किसी दिन अत्यधिक भीड़ बढ़ने पर मंदिर के गर्भगृह में यजमानों का रुद्राभिषेक पूजन नहीं कराया जाएगा।
श्रावण महोत्सव के अंतर्गत दिव्यांगजनों को दर्शन कराने के लिए व्हीलचेयर के साथ फर्स्ट एड बॉक्स, शीतल जल आदि की भी व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रतिदिन सुबह चार बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर एक बजे से रात नौ बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए खुला रहेगा। ब्यूरो