सावन माह में मार्कंडेय महादेव, सारंगनाथ समेत अन्य शिवालयों के दर्शन श्रद्धालु ई-बसों के जरिये कर सकेंगे। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने संचालन का खाका और रूट तैयार किया है। शहर के अंदर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर तक ई-बसें नहीं जाएंगी। कालभैरव और महामृत्युंजय महादेव तक भी हफ्ते में सिर्फ चार दिन ही बसों का संचालन होगा। रूट डायवर्जन के चलते रविवार और सोमवार को ई-बसें इन रूटों पर संचालित नहीं होंगी।
सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड अधिकारियों के अनुसार सावन माह को लेकर ई-बसों के संचालन का नए सिरे से रूट तैयार किया रहा है। एक माह तक जगह-जगह रूटों पर वनवे और रूट डायवर्जन के चलते बसों का फेरा किसी रूटों पर घटाया तो किसी रूट पर बढ़ाया जा रहा है।
सारनाथ के सारंगनाथ मंदिर और चौबेपुर के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर तक बसों का हर एक घंटे पर संचालन होगा। जबकि मैदागिन स्थित कालभैरव मंदिर और महामृत्युंजय महादेव मंदिर तक भी बसें सिर्फ रविवार और सोमवार को छोड़ संचालित की जाएंगी।