मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, पेन, घड़ी, पेन ड्राइव आदि लेकर मंदिर में न आएं। इससे दर्शन में परेशानी होगी। मंदिर परिसर में किसी विग्रह, दीवार या रेलिंग को स्पर्श करने से बचें।
मंदिर परिसर को हर छह घंटे पर सैनिटाइज किया जाएगा। आपात स्थिति के लिए चिकित्सक और एनडीआरएफ की टीम भी तैनात रहेगी। पेयजल से लेकर खोया पाया केंद्र, पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय बनवाया गया है।
बीएचयू परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर में भी 25 जुलाई से श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर सकेंगे। मंदिर के मानित व्यवस्थापक की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि मंदिर 25 जुलाई से आम दर्शनार्थियों के लिए झांकी दर्शन के लिए कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए खोला जाएगा।
सामान्य दिनों में भी मंदिर सुबह 7 से 10 बजे और दोपहर बाद 3 से 6 बजे तक, सावन के सभी सोमवार को सुबह 4 बजे से रात 9 बजे तक झांकी दर्शन के लिए खुलेगा। इस दौरान मंदिर में टीका लगाना, माला पहनाना, फूल देना, जल, प्रसाद देना प्रतिबंधित रहेगा।
सावन के मद्देनजर शहर में कुछ स्थानों पर वाहनों के आवागमन के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। प्रशासन द्वारा पूरे माह रविवार रात आठ से मंगलवार सुबह आठ बजे तक लागू किया गया है। इनमें मैदागिन से गोदौलिया की तरफ जाने वाले वाहनों को मैदागिन से लहुराबीर, मलदहिया की ओर मोड़ दिया जाएगा। वाहन लहुराबीर से बेनिया की ओर जा सकेंगे।
लक्सा की तरफ से आने वाली गाड़ियों को लक्सा थाने से गुरुबाग व कमच्छा की ओर मोड़ दिया जाएगा। यह लक्सा से बेनिया जा सकेंगे। लहुराबीर से होकर गोदौलिया की तरफ जाने वाली सभी प्रकार की सवारी गाड़ियों को बेनियाबाग से होते हुए औरंगाबाद पुलिस चौकी से लक्सा की तरफ मोड़ दिया जायेगा।
वहीं, अस्सी, सोनारपुरा से होकर गोदौलिया की तरफ जाने वाली सभी प्रकार के वाहनों को सोनारपुरा चौराहे से भेलूपुर थाने की तरफ मोड़ दिया जायेगा। भेलूपुर थाने से रेवड़ी तालाब होकर रामापुरा चौराहे की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को तीलभांडेश्वर से भेलूपुर की तरफ मोड़ दिया जायेगा। यह जानकारी अपर पुलिस आयुक्त यातायात विकास कुमार ने दी है।
मैदागिन से गोदौलिया होते हुए रामापुरा और रामापुरा से गोदौलिया, गोदौलिया से मैदागिन तक संपूर्ण मंदिर मार्ग सावन मास के प्रत्येक रविवार रात आठ से मंगलवार सुबह आठ बजे तक नो-व्हेकिल जोन घोषित किया गया है। इसके तहत मैदागिन से गोदौलिया, रामापुरा तक और रामापुरा से गोदौलिया होकर मैदागिन तक किसी प्रकार के छोटे-बड़े वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। इस मार्ग पर केवल पैदल यात्रियों को जाने की अनुमति होगी।