कांची कामकोटि पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती स्वामी महाराज के 133वें जयंती महोत्सव की मंगलवार को पूर्णाहुति हुई। 50 वैदिक विद्वानों ने 28 तरह के द्रव्यों से चंडीयज्ञ सहित विविध यज्ञादि पूर्ण किया। श्रीकांची कामकोटीश्वर मंदिर में दिनभर चले हवन–पूजन के बाद शाम को शंकराचार्य की पंच धातु की उत्सव प्रतिमा की पालकी शोभायात्रा निकाली गई। तीन सौ से अधिक श्रद्धालु व साधु–संत शामिल हुए।
विज्ञापन
जयंती महोत्सव और विश्व के कल्याण के लिए श्री गुरुचरणसेवा समिति के बैनर तले हनुमान घाट मार्ग स्थित श्रीकांची कामकोटीश्वर मंदिर में चार मार्च से चंडी सहित विविध यज्ञ हुआ। अंतिम दिन शंकराचार्य चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती के जन्मोत्सव पर सुबह से ही गणपति हवन से अनुष्ठान शुरू हुआ। आंध्र प्रदेश के स्वामी यती अमृतानंद सरस्वामी के सानिध्य में साईं कुमार शास्त्री व पं. अनंत भट्ट के आचार्यत्व में आहवंति, श्रीसुक्त, महारुद्र, सतचंडी आदि यज्ञ हुआ।
यज्ञशाला में दो सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने आहुतियां डालीं। दोपहर में 10 कुवारियों और 20 सुहागिन का पूजन कर सौभाग्य आदि की सामग्री दी गई। शाम को शंकराचार्य की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।