संतुष्टि कॉलेज ऑफ नर्सिंग में प्रवेश में जालसाजी करने का आरोप लगाने वाले छात्र-छात्राओं ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर प्रदर्शन किया। उन्होंने सीएम से मिलने की मांग की।
लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इलाहाबाद में हैं । माना जा रहा है कि लखनऊ लौटने पर सीएम योगी छात्राओं से मुलाकात कर सकते हैं। छात्र-छात्राओं ने संस्थान के निदेशक डॉ. संजय गर्ग और डॉ. रितु गर्ग के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की।
प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं का आरोप था कि प्रवेश के समय कॉलेज की संबद्धता सिघानियां यूनिवर्सिटी, राजस्थान से और पंजीकरण यूपी में कराए जाने की बात कही गई थी। लेकिन जैसे ही ये पता चला कि यूनिवर्सिटी इंडियन नर्सिंग काउंसिल से अप्रूब्ड नहीं है, इसकी शिकायत करने पर निदेशक की ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। बताया कि अब आवाज उठाने पर डराया-धमकाया जा रहा है।
बता दें कि पिछले कई दिनों से संतुष्टि के विद्यार्थी प्रदर्शन कर रहे हैं। उधर, निदेशक डॉक्टर संजय गर्ग का कहना है कि छात्रों के साथ किसी तरह की कोई धोखाधड़ी नहीं की गई है। सभी कागजात डीएम समेत अन्य अधिकारियों को दिखाया जा चुका है।
कहा कि कुछ लोगों द्वारा डॉ. रितू गर्ग को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। इसके पीछे कुछ ऐसे लोग हैं जो छात्रों को मुहरा बनाकर उन्हें ऐसा करने को प्रेरित कर रहे हैं।