संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वर्तमान सत्र में स्पेनिश लैंग्वेज की पढ़ाई होगी। वर्तमान सत्र से स्पेनिश लैंग्वेज में डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू हो रहा है। वहीं, स्पेन की संस्था इंस्टीट्यूटो सर्वेंट्स में संस्कृत, हिंदी और भारतीय संस्कृति के पाठ्यक्रम शुरू होंगे। इसके लिए दोनों संस्थानों के बीच बृहस्पतिवार को एमओयू हुआ। यह समझौता शैक्षणिक वर्ष 2024-25 से प्रभावी होगा और तीन वर्षों के लिए वैध होगा।
गुरुवार को कुलसचिव राकेश कुमार और स्पेन के इंस्टीट्यूटो सर्वेंट्स सेंटर के निदेशक ऑस्कर पुजोल रीमबाउ ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि समझौते का उद्देश्य भाषा सीखने, सांस्कृतिक समझ और अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता और संसाधनों का लाभ उठाना है। इसके माध्यम से स्पेनिश में डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित करके विद्यार्थियों के लिए विदेशों में रोजगार के अवसर प्रशस्त करना है।
इसके साथ ही यहां के विद्यार्थी विदेशों में अपनी भारतीय ज्ञान परंपरा को प्रचारित व प्रसारित करेंगे। इंस्टीट्यूटो सर्वेंट्स के निदेशक ऑस्कर पुजोल रीमबाउ ने कहा कि एमओयू के तहत संयुक्त कार्यशालाएं और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर प्रो. राम पूजन पांडेय, प्रो. दिनेश गर्ग, प्रो. शैलेश कुमार मिश्र, डॉ. पद्माकर मिश्र उपस्थित थे।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं 25 जून से
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं की समय सारिणी जारी हो गई हैं। शास्त्री और आचार्य की परीक्षाएं 25 जून से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर समय सारिणी को अपलोड कर दिया गया है।
इसके अलावा प्रथमा, पूर्व मध्यमा और उत्तर मध्यमा की परीक्षाएं भी 25 जून से होंगी। शास्त्री और आचार्य की परीक्षा छह जुलाई को तो प्रथमा, पूर्व मध्यमा और उत्तर मध्यमा की परीक्षाएं चार जुलाई तक चलेंगी।