देश की सांस्कृतिक नगरी काशी के संकट मोचन मंदिर में हर वर्ष होने वाले विश्व प्रसिद्ध संकट मोचन संगीत समारोह में इस बार माधुरी दीक्षित नृत्य की प्रस्तुति देंगी। ड्रीम गर्ल और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी भी अपने नृत्य से अभिभूत कर सकतीं हैं।
संकट मोचन संगीत समारोह का आगाज चार अप्रैल से होगा जो नौ अप्रैल तक चलेगा। देश के मशहूर संगीतकार और कलाकार मंदिर में आयोजित इस समारोह में हिस्सा लेंगे। इस छह दिवसीय संगीत समारोह के पहले दिन जहां पार्श्व गायक और भजन सम्राट अनूप जलोटा महाबली हनुमान जी को अपनी स्वरांजलि प्रस्तुत करेंगे तो अगले दिन पंडित जशराज जी का गायन होगा।
संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्ववंभर नाथ मिश्र ने यह जानकारी दी। तुलसी घाट पर आयोजित पत्रकार वार्ता में महंत और उनके छोटे भाई डॉ वीएन मिश्रा ने बताया कि इस छह दिवसीय संगीत समारोह में कुल 48 प्रस्तुतियां होंगी। कुल 23 पद्म अवार्डी भाग ले रहे हैं।
संगीत समारोह में इस बार जहां श्रोता नृत्य, संगीत का लुत्फ तो उठाएंगे ही साथ ही उन्हें कला का अद्भूत संगम भी देखने को मिलेगा। संगीत समारोह के दौरान अलग से कला दीर्घा भी लगेगी, इसमें विभिन्न चित्रकार व कलाकार अपनी कृतियों का प्रदर्शन करेंगे।
किसी भी सामान्य कलाकार को भी यह मौका मिलेगा कि वह अपनी तूलिका से प्रभु हनुमान के किसी स्वरूप का चित्रांकन करे। इसके लिए 20 मीटर लंबा कैनवास होगा।
संकट मोचन संगीत समारोह में इस बार पं. बिरजू महाराज, माधुरी दीक्षित, सोनल मानसिंह, अनूप जलोटा, रोनू मजूमदार, पंडित जशराज, मालिनी अवस्थी, शिवमणि और उस्ताद गुलाम मुस्तफा खां सहित देश की कई जानी मानी हस्तियां विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। \
महंत प्रो मिश्र ने बताया कि हनुमान जयंती का कार्यक्रम 31 मार्च से ही शुरू हो जाएगा। पहले दिन सुबह छह से सात बजे तक प्रभु हनुमान जी का पूजन और आरती होगी। सात बजे से रामायण जी का पूजन व आरती, श्री मानस जी का एकाह पाठ होगा।
फिर शाम को राम कृष्ण मिशन के प्रेमी व रामायण मंडलियों का अखंड गान व रात्रि जागरण होगा। उन्होंने बताया कि 31 मार्च से तीन अप्रैल तक नित्य शाम पांच से रात 10 बजे तक श्री राम चरित मानस पर प्रवचन होगा। इस मौके पर 31 मार्च को श्री संकट मोचन हनुमान जी की बैठकी मुद्रा वाली प्रतिमा का विशेष श्रृंगार, पूजन व आरती होगी।