फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BHU में छात्राओं पर लाठीचार्ज को चुनावी मुद्दा बनाएगी समाजवादी पार्टी

Tue, 24 Oct 2017 04:28 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
एमएलसी शतरूद्र प्रकाश बोले, छेड़खानी के आरोपी नहीं पकड़े गए तो आंदोलन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बीएचयू में 23 सितंबर को धरना दे रही बेकसूर छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज को सपा नगर निगम चुनाव में मुद्दा बनाएगी। पार्टी ने महिला सशक्तिकरण के सवालों पर भाजपा को घेरने की पूरी तैयारी की है। सोमवार को सपा एमएलसी और पूर्व मंत्री शतरूद्र प्रकाश और महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में इसके संकेत दिए।
विज्ञापन


शतरूद्र प्रकाश ने कहा, महापौर चुनाव में महिलाएं ही चुनाव मैदान में हाेंगी। ऐसे में भाजपा को सवालों का जवाब देना ही होगा।  कहा-मजिस्ट्रेटी और न्यायिक जांच चल रही है लेकिन लाठीचार्ज किसके आदेश पर किया गया, ये अब तक पता नहीं चल पाया है।

मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र भेजकर पूछा गया लेकिन जवाब नहीं आया। यही नहीं, छात्रा से छेड़खानी की जिस घटना के बाद बवाल हुआ, उसका मुख्य आरोपी अब तक पकड़ा नहीं गया है। पुलिस यह तक पता नहीं लगा पाई कि छेड़खानी किसने की थी। यदि सात दिन के अंदर आरोपी नहीं पकड़ा गया तो सपा आंदोलन करेगी।
विज्ञापन


पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की घोषणा की थी लेकिन पुलिस और प्रशासन के पास ये आदेश अब तक नहीं पहुंचा है। कहा कि छात्राओं पर लाठीचार्ज करने वाले दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

इसके साथ ही शतरूद्र प्रकाश ने कहा कि सड़क निर्माण के नाम पर अधिकारी सरकार को झूठी रिपोर्ट भेज कर गुमराह कर रहे हैं। शहर की सड़कें खस्ताहाल हैं। पेयजल सप्लाई के लिए बने 22 ओवरहेड टैंक शोपीस बने हुए हैं।
विज्ञापन

बीएचयू में सुरक्षा और मुआवजे के लिए कर्मचारियों-छात्रों का हंगामा

बीएचयू - फोटो : अमर उजाला
दीपावली के बाद खुले बीएचयू में सोमवार को कर्मचारियों और छात्रों ने अलग-अलग मांगों को लेकर हंगामा किया। केंद्रीय कार्यालय में जहां सुरक्षा की मांग पर कर्मचारियों ने कामकाज ठप रखकर नाराजगी जाहिर की वहीं सोमवार को नदी में डूबने से मृत बीए के छात्र की मौत पर मुआवजे को लेकर छात्रों ने हंगामा किया। 

केंद्रीय कार्यालय के परीक्षा विभाग में कार्यरत कुछ कर्मचारियों ने छात्रों पर कार्यालय में घुसकर दबाव में काम कराने का आरोप लगाया। बताया कि इस वजह से काम करना तो दूर कार्यालय में बैठना मुश्किल हो गया है। हालांकि इस तरह की स्थिति तीन-चार दिनों से चली आ रही थी, जब बात नहीं बनी तो सोमवार को केंद्रीय कार्यालय खुलने पर परीक्षा नियंता विभाग के कर्मचारियों ने कामकाज ठप कर हंगामा शुरू कर दिया।

इस वजह से करीब घंटे भर तक कामकाज प्रभावित रहा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची चीफ प्रॉक्टर प्रो. रोयाना सिंह ने बातचीत की, जिस पर कर्मचारियों ने सुरक्षा कड़ी करने, कार्यालय अंदर से बंद करवाने की मांग की। सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन पर कर्मचारी काम पर लौटे।

उधर, रोहनिया के शूल टंकेश्वर स्थित नदी में नहाने गए बीए की छात्र की रविवार शाम मौत के बाद सोमवार को उसका पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर कुलसचिव डॉ. नीरज त्रिपाठी, छात्र अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह, चीफ प्राकटर आदि लोग पहुंचे। विश्वविद्यालय के नियमानुसार परिवारीजनों को पांच हजार रुपये दिए जा रहे थे।

इस दौरान वहां मौजूद कुछ छात्रों ने उसे और धनराशि दिए जाने को लेकर हंगामा किया। इस पर विश्वविद्यालय की ओर से दी जाने वाली राशि 10 हजार कर दी गई। बाद में विश्वविद्यालय ने छात्र के शव को विश्वविद्यालय वाहन से घाट तक भिजवाया, जहां परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें