चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने पीएम को लिखे पत्र में बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बीएचयू हॉस्पिटल में छन्नू लाल जी को देखने गया था। यहां उनकी हालत स्थिर एवं संतोषजनक पायी गयी लेकिन यह देखकर बड़ा आश्चर्य हुआ कि 50 फीसदी आईसीयू के बेड बिना मरीज के खाली पड़े हुए थे।
जब भी हम जन प्रतिनिधि किसी मरीज के लिए डॉक्टर्स की सलाह पर आईसीयू की डिमांड करते है तो केवल एक जवाब आता है कि आईसीयू का बेड खाली नहीं है। सांसद ने पीएम को भेजे पत्र में यह भी लिखा है कि बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय का हॉस्पिटल जनता के टैक्स के पैसे से बना एक अस्पताल है, जिसमें करोड़ों की लागत लगी हुई है। इसका साजिश के तहत पूरा उपयोग नहीं किया जा रहा है।
साथ ही इसका लाभ काशी और आस पास के मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। डॉक्टर्स की लापरवाही और कार्यशैली से लगता था कि हॉस्पिटल में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। ऐसे में मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाया जाना जरूरी है, जिससे कि व्यवस्था को ठीक करवाया जा सके।
मैं पंडित छन्नू लाल मिश्र को देखने आईसीयू में प्रोटोकॉल का पालन कर गया था। वहां जाने पर देखा कि आधे से अधिक बेड खाली रहा। इस पर आईसीयू इंचार्ज स जानकारी मांगी तो कोई सहीं जवाब नहीं मिला। इस तरह की स्थिति बहुत ही निराशाजनक है। पीएम से व्यवस्था सुधार की मांग की है। मरीजों के लिए आगे भी इस मुद्दे पर लड़ाई जारी रहेगी। - वीरेंद्र सिंह, सांसद, चंदौली