सपा के विधान परिषद सदस्य राकेश यादव उर्फ गुड्डू
- फोटो : अमर उजाला
सपा सरकार में पार्टी के नेताओं और विधायक ने अपने को वीवीआईपी साबित करने के लिए नियमों से जमकर खिलवाड़ किया। अब उनके कारनामे उजागर हो रहे हैं। इन्हीं में एक मामला सपा के विधान परिषद सदस्य राकेश यादव उर्फ गुड्डू को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने का है।
राकेश को पूर्व एसपी कुंतल किशोर ने अपनी सुरक्षा में लगे एमपी-5 गन धारक दो आरक्षियों को लगा दिया था। भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर डीजीपी ने एसपी से मामले की जांचकर रिपोर्ट मांगी है।
भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से 23 मई 2017 को की गई शिकायत के मुताबिक सगड़ी तहसील क्षेत्र के रहने वाले विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) राकेश यादव उर्फ गुड्डू अखिलेश यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं।
राकेश को सपा शासनकाल में वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली थी। महराजगंज ब्लाक प्रमुख से एमएलसी की छलांग लगाने वाले राकेश यादव के प्रभाव में आकर तत्कालीन एसपी कुंतल किशोर ने अपनी कुर्सी मजबूत करने और सत्ता में पैठ बनाने के लिए गुड्डू की सुरक्षा में अपने दो और गनरों को लगा दिया।