वर्दी का धौंस और पुलिस की मनमानी की पोल खोलने वाली घटना गुरुवार की शाम गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर बाजार में घटित हुई, जब स्थानीय थानाध्यक्ष ने एक अंडा विक्रेता की पिटाई कर दी। घटना से आहत अंडा विक्रेता को अपमान का घूंट बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने विषाक्त पदार्थ पी लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। यह जानकारी जैसे ही क्षेत्र में फैली तो बिरनो पुलिस की निंदा होने लगी।
बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर बाजार स्थित भड़सर गांव के अंडा बिक्रेता प्रमोद गुप्ता (45) ने पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर गुरुवार की देर शाम विषाक्त पदार्थ पी लिया। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्रमोद को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
पीड़ित के भाई बुलबुल गुप्ता ने बताया कि बिरनो थानाध्यक्ष सलील स्वरूप आदर्श ने गुरुवार की शाम अंडा विक्रेता की दुकान पर आकर गाली-गलौज की और उसे पीटा भी था। जिसके कारण मेरे भाई ने विषाक्त खाया है। मेरे भाई ने दुकान में एक पत्र भी लिखकर रखा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सलील स्वरूप आदर्श ने बताया अंडा विक्रेता शराबियों को दुकान पर बैठाकर शराब पिला रहा था और पुलिस ने अंडा विक्रेता को सार्वजनिक स्थान पर न पिलाने के लिए मना किया है। पुलिस ने उसको प्रताड़ित नहीं किया है।