सोनभद्र जिले के कोन थाना क्षेत्र के बरहमोरी बालू साइट पर रास्ते के विवाद में बुधवार सुबह ग्रामीणों ने साइट के दफ्तर के कर्मचारियों से मारपीट और पथराव किया। आठ वाहन फूंकने के साथ तीन वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। जवाब में बालू साइट के लोगों ने हवाई फायरिंग की। मारपीट में नौ लोग घायल हो गए।
सूचना पर डीएम, प्रभारी एसपी ने मुआयना किया। मौके पर कई थानों की फोर्स, पीएसी तैनात कर दी गई। मामले में कोन एसओ अरविंद मिश्रा निलंबित कर दिए गए। 13 नामजद, 40-50 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है।
कोन थाना क्षेत्र के रोगही चौराहे पर बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे ग्रामीण पहुंचे और बालू ठेकेदार से रास्ते के विवाद में जाम लगा दिया। इसको लेकर साइट पर काम करने वाले कुछ लोग बातचीत करने पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी। इस पर काम करने वाले लोग साइट स्थित कार्यालय की ओर भागने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ा लिया और मौके पर जाकर तीन चार पहिया वाहन तथा पांच दोपहिया वाहन फूंक दिए।
तीन दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। इस पर साइट के लोगों ने हवाई फायरिंग की। घटना में बालू साइट पर काम करने वाले सात और दो ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को कोन पीएचसी से जिला अस्पताल भेज दिया गया। गांव में फिलहाल पीएसी तैनात कर दी गई है। खनन का काम बंद हो गया है। साइट कर्मचारी रूपम सिंह निवासी देवरिया ने ग्रामीणों के खिलाफ तहरीर देकर कट्टे से फायरिंग करने और नौ लाख रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है।