प्लास्टिक की 20 से अधिक कुर्सियों को तोड़ दिया
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर स्थित टीबी अस्पताल परिसर में तीन दिन से धरने पर बैठी महिला स्वास्थ्यकर्मियों पर बुधवार को अराजकतत्वों ने हमला कर दिया। उनकी लाठी-डंडों से पिटाई की और धरना स्थल पर प्लास्टिक की 20 से अधिक कुर्सियों को तोड़ दिया। महिलाएं काफी देर तक कराहती-चीखती रहीं।
उन्होंने सीएमओ कार्यालय के एक लिपिक पर खड़े होकर गुंडों से पिटवाने का आरोप लगाया। बाद में डिप्टी सीएमओ ने उन्हें समझा कर शांत कराया। स्वास्थ्यकर्मियों ने लाइन बाजार पुलिस को तहरीर दी है। सीएमओ कार्यालय में भ्रष्टाचार सहित अपनी मांगों को लेकर यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के बैनर तले महिला स्वास्थ्यकर्मी सोमवार से धरना प्रदर्शन कर रही थीं।
बुधवार को धरने का तीसरा दिन था। दोपहर में सभा चल रही थी कि अचानक लाठी-डंडों से लैस आठ-दस गुंडे वहां पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। मारपीट होते ही वहां भगदड़ मच गई। चीख-पुकार मचाती स्वास्थ्यकर्मियों ने कुसियों को ढाल बनाने को कोशिश की तो हमलावरों ने उसे भी तोड़ डाला। मारपीट कर हमलावर भाग निकले।
हमले में आठ स्वास्थ्यकर्मी घायल हो गईं। हंगामा एवं शोर सुनकर परिसर में मौजूद डिप्टी सीएमओ डा. आरके सिंह पहुंचे और समझा बुझाकर शांत कराया। एनएम अमिता श्रीवास्तव ने बताया कि सीएमओ कार्यालय के एक लिपिक अचानक कुछ लोगों को लेकर धरनास्थल पर आए और ललकार कर पिटवाने लगे।
सीएमओं को धरने के संबंध में पहले ही ज्ञापन दिया जा चुका है। उधर, डिप्टी सीएमओ डा. आर के सिंह ने कहा कि धरना स्थल पर मारपीट करने वाले बाहरी तत्व थे। मेरे विभाग का कोई कर्मचारी नहीं था।