वाराणसी एसटीएफ ने सारनाथ थाना के क्षेत्र लेढ़ूपुर में मुठभेड़ के दौरान 15 हजार के इनामी बदमाश रवि यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से नाइन एमएम की एक पिस्टल, कारतूस और फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ। रवि गाजीपुर के करंडा क्षेत्र में आरएसएस कार्यकर्ता राजेश मिश्रा की हत्या में भी शामिल था। उसे सोमवार की रात दबोचा गया।
वाराणसी एसटीएफ के एसपी एस आनंद ने बताया कि राजेश मिश्रा की हत्या कराने में मुख्य भूमिका गाजीपुर करंडा के लोनेपुर गांव निवासी रवि यादव की थी। हत्या के बाद से वह बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ तथा मध्य प्रदेश में छिपकर रह रहा था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रवि झारखंड के पलामू जिले के विकास दूबे गैंग के लिए हत्या व रंगदारी की वारदातों को अंजाम देता था। न्यायिक अभिरक्षा से फरार शातिर अपराधी राजेश दूबे उर्फ टुन्ना से भी इसके नजदीकी संबंध हैं।
रवि के घर पर कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए गाजीपुर पुलिस की ओर से 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बता दें कि बीते वर्ष 20 अक्टूबर को राजेश मिश्रा को गाली मारकर हत्या कर दी गई थी।