भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद चंदौली के पूर्व एआरटीओ प्रवर्तन पर विजिलेंस ने शिकंजा कस दिया है। यादव के भ्रष्टाचार और इसके लिए करोड़ों की काली कमाई के मामले की जांच कर रही विजिलेंस ने जांच पूरी कर चार्जशीट सतर्कता मुख्यालय को भेज दी है।
चार्जशीट में यादव पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की पुष्टि की गई है। इसके लिए उन पर कड़ी कार्रवाई की संस्तुति की गई है। सूत्रों की मानें तो रिपोर्ट में कहा गया है कि आरएस यादव और उनके लोग रोजाना करीब एक हजार ओवरलोड ट्रकों से वसूली करते थे।
एक ट्रक से पांच से सात हजार रुपये वसूले जाते थे। एक दिन में लाखों की वसूली होती थी। आरएस यादव के खिलाफ चंदौली कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमे की जांच विलिजेंस कर रही है। इसके अलावा उनकी बेनामी संपत्तियों की जांच भी विजिलेंस कर रही है। प्रवर्तन निदेशालय भी आरएस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर संपत्ति की जांच कर रहा है।
बताया जा रहा है कि सतर्कता निदेशालय इस मामले में जल्दी ही कोई फैसला ले सकता है।