एमएलसी के चचेरे भाई की हत्या का आरोपी है बीकेडी
सेंट्रल जेल में निरुद्ध एमएलसी बृजेश सिंह के चचेरे भाई सतीश सिंह की हत्या कर सुर्खियों में आए चौबेपुर थाना अंतर्गत धौरहरा निवासी इंद्रदेव सिंह उर्फ बीकेडी की तलाश पुलिस वर्ष 2013 से कर रही है। एमएलसी बृजेश सिंह और उसके परिवार के बीच अदावत में बीकेडी ने चार जुलाई 2013 की सुबह सतीश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इसके पूर्व चार मई 2013 की रात अर्दली बाजार टकटकपुर निवासी अजय सिंह खलनायक के वाहन पर बीकेडी ने फायरिंग की। इसमें बृजेश सिंह के करीबी अजय सिंह खलनायक और उनकी पत्नी मीरा सिंह को गोलियां लगी थी, जिन्हें चिकित्सकों ने बचा लिया था। इसके बाद पुलिस ने उस पर एक लाख का इनाम किया।
हालांकि कारोबारी जितेंद्र यादव को धमकी भरे फोन काल को लेकर यह भी कहा जा रहा है कि बीकेडी के नाम पर किसी ने रंगदारी मांगी होगी, क्योंकि एक इधर सात-आठ साल में बीकेडी का नाम किसी भी छोटी या बड़ी आपराधिक घटनाओं में सामने नहीं आया है।
पांच साल पहले कंपनी को लेकर हुआ था विवाद
बीकेडी के नाम पर रियल एस्टेट कारोबारी को धमकी दी गई, लेकिन पुलिस रियल एस्टेट कारोबारी जितेंद्र का भी इतिहास पता कर रही है। पुलिस को आशंका है कि 2017 में रियल इस्टेट कंपनी बनाने को लेकर कुछ लोगों से जितेंद्र यादव का विवाद हुआ था, पुलिस इन पहलुओं को भी ध्यान में रखकर खंगाल रही है।