ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को सांप दिखाकर जबरन वसूली करने वाले तीन युवकों को शुक्रवार की सुबह चुनार जंक्शन पर आरपीएफ व जीआरपी की टीम ने दबोच लिया जबकि अन्य तीन युवक ट्रेन से कूदकर भाग निकले। आसनसोल से भावनगर जाने वाली गाड़ी संख्या 12942 पारसनाथ एक्सप्रेस शुक्रवार की सुबह आसनसोल से मुगलसराय जंक्शन पहुंची।
इस दौरान 6 युवक ट्रेन के जनरल व स्लीपर कोच में सवार हो गए। जैसे ही ट्रेन मुगलसराय जंक्शन केबिन से आगे चुनार की ओर बढी सभी युवक यात्रा कर रहे यात्रियों को सांप दिखाकर जबरन पैसा मांगने लगे। न देने पर कहासुनी किया और उनके गले में जबरिया सांपों को डालने लगे। उनके इस हरकत से यात्रा कर रहे तमाम महिला पुरुष व बच्चे घबरा गए और अपने सीट से उठकर इधर- उधर दूसरे कोच में भागने लगे।
इसी बीच स्लीपर कोच के किसी यात्री ने युवकों के इस हरकत की जानकारी कंट्रेल रूम इलाहाबाद को दे दी। कंट्रोल ने इसकी सूचना चुनार जंक्शन पर तैनात स्टेशन अधीक्षक अजय श्रीवास्तव को दी। स्टेशन अधीक्षक मामले से तत्काल आरपीएफ व जीआरपी के प्रभारियों को अवगत कराया और उन्हें ट्रेन चुनार जंक्शन पर रूकने की जानकारी दी।