रथयात्रा मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस की ओर से सात से 10 जुलाई तक रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था रोजाना शाम चार बजे से भोर तीन बजे तक लागू रहेगी। एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय ने आमजन से अपील की है कि रूट डायवर्जन प्लान का पालन कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद करें। एंबुलेंस और शव वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
ये रहेगी व्यवस्था
- बीएचयू, भेलूपुर की तरफ से रथयात्रा की तरफ आने वाले वाहनों को कमच्छा से साईं मंदिर की तरफ मोड़ दिया जाएगा। वाहन आकाशवाणी होते हुए महमूरगंज के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे।
- लक्सा से रथयात्रा की तरफ जाने वाले सभी वाहन गुरुबाग तिराहे से नीमामाई तिराहे की तरफ मोड़ दिया जाएगा। ये वाहन कमच्छा तिराहा होकर गंतव्य को जाएंगे।
- सिगरा से रथयात्रा की तरफ जाने वाले समस्त वाहनों को सिगरा चौराहे से महमूरगंज की तरफ और सोनिया पुलिस चौकी की तरफ मोड़ दिया जाएगा। वहां से वह अपने गंतव्य को जाएंगे।
- महमूरगंज चौराहे से रथयात्रा की तरफ जाने वाले समस्त वाहनों को आकाशवाणी तिराहा से सिगरा की तरफ मोड़ दिया जाएगा। वहां से वह अपने गंतव्य को जाएंगे।
- सिगरा चौराहा, आकाशवाणी, नीमामाई तिराहा के समीप कार, ऑटो, ई-रिक्शा, मोटर साइकिल, पैडल रिक्शा और सभी प्रकार के वाहन पार्क होंगे।